पुलिस ने होली पर कसी कमर : 900 जवान और 73 पेट्रोलिंग पार्टियां तैनात, हुड़दंगियों पर रहेगी बाज की नजर

रमेश गुप्ता भिलाई । होलिका दहन (02 मार्च 2026) एवं रंग-गुलाल (04 मार्च 2026) के अवसर पर शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला पुलिस बल दुर्ग ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध लागू किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संपूर्ण जिले को 10 अनुविभागों में विभाजित कर बहुस्तरीय निगरानी व्यवस्था लागू की गई है, ताकि शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सतत् पुलिस उपस्थिति सुनिश्चित की जा सके।
900 पुलिसकर्मी, 73 पेट्रोलिंग पार्टियां, 30 ‘बाज’ बाइक यूनिट तैनात
जिलेभर में लगभग 900 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
73 पेट्रोलिंग पार्टियां निरंतर गश्त कर रही हैं।
शहर, अंदरूनी इलाकों, गलियों और बस्तियों में निगरानी हेतु 30 ‘बाज’ मोटरसाइकिल पार्टियां गठित की गई हैं, जो चैक-चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया देंगी।
139 महत्वपूर्ण स्थानों पर फिक्स प्वाइंट बनाकर स्थायी सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
25 प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी चेकिंग पॉइंट स्थापित कर सघन जांच की जा रही है।
सख्त चेकिंग व कानूनी कार्रवाई
त्योहार के दौरान निम्न मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी—
नशे की हालत में वाहन चलाना (मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई)
दोपहिया पर तीन सवारी/नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन (वाहन जप्ती सहित कार्रवाई)
अवैध शराब, मादक पदार्थ एवं अवैध हथियारों का परिवहन (जप्ती व वैधानिक प्रकरण)
यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
10 अनुविभागों में विभाजित सुरक्षा व्यवस्था
शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों—दुर्ग, भिलाई, छावनी, पुरानी भिलाई, कुम्हारी, पाटन, रानीतराई, जामगांव-आर, अमलेश्वर, अंडा, उतई, धमधा, नंदिनी सहित सभी थाना चौकी क्षेत्रों—में संबंधित नगर पुलिस अधीक्षकों एवं उप पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में समन्वित सुरक्षा प्रबंध लागू हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है।
शांति समिति बैठकों से समन्वय
होली से पूर्व जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, ग्राम सरपंचों व गणमान्य नागरिकों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है, ताकि किसी भी विवाद की स्थिति में त्वरित संवाद व समाधान सुनिश्चित हो।
ब्रीफिंग और फ्लैग मार्च
02 मार्च 2026 को दोपहर 12 बजे कंट्रोल रूम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी में तैनात बल को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ब्रीफिंग की जाएगी। वहीं, दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में 02 मार्च को दोपहर 2 बजे फ्लैग मार्च निकालकर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिया जाएगा।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि होली पर्व को शांति, संयम और आपसी सौहार्द के साथ मनाएं। अफवाहों से बचें, नशे में वाहन न चलाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल 112 या 9479192099 पर दें। कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने विश्वास दिलाया है कि सुदृढ़ सुरक्षा प्रबंधों के साथ जिले में होली पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *