होली पर शांति व्यवस्था बनाए रखने कांकेर में पुलिस का फ्लैग मार्च

कांकेर। होली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कांकेर पुलिस द्वारा शहर के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों और चिन्हित स्थलों से होते हुए संपन्न हुआ।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिन्हा एवं प्रशिक्षु आईपीएस प्रतीक दादासाहब बंसोडे के मार्गदर्शन में फ्लैग मार्च आयोजित किया गया।

फ्लैग मार्च का उद्देश्य नागरिकों में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ करना तथा असामाजिक तत्वों को चेतावनी देना रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से बाइक चलाने तथा सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अफवाह फैलाने वालों पर भी निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने सभी नागरिकों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है। होली के दौरान मुखौटा (फेस मास्क) की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। उल्लंघन की स्थिति में कार्रवाई की जाएगी।

फ्लैग मार्च का रूट
एसपी कार्यालय – कलेक्ट्रेट तिराहा – जिला अस्पताल – पुराना बस स्टैंड – ऊपर-नीचे रोड – घड़ी चौक – डीआईजी कार्यालय – संजय नगर – शीतलापारा – श्रीराम नगर – सर्किट हाउस – गोविंदपुर – अर्जुनी – भीरावाही – घड़ी चौक – सेन चौक – पंडरीपानी – बरदेभाठा – ज्ञानी ढाबा चौक – बस स्टैंड – एसपी कार्यालय।

फ्लैग मार्च में डीएसपी नक्सल ऑप्स गिरिजा शंकर साव, डीएसपी बस्तर फाइटर्स मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, डीएसपी डीआरजी अविनाश ठाकुर, डीएसपी मुख्यालय विंकेश्वरी पिंदे, डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू प्रतिभा लहरें, डीएसपी अजाक कविता धुर्वे, आरआई दीपक साव, आरआई गोविंद वर्मा सहित थाना प्रभारी जितेंद्र साहू और अन्य पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि होली पर्व के दौरान महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निरंतर पेट्रोलिंग और जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। किसी भी संदिग्ध या आपराधिक गतिविधि की सूचना हेल्पलाइन नंबर 94791-55125 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *