छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष में राज्य को मिलने जा रही है प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशेष सौगात। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे और नई विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री मोदी न्यू ट्राइबल म्यूजियम का भी शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री साय ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया और कहा कि यह आयोजन राज्य के गौरव और विकास यात्रा में नया अध्याय जोड़ेगा।
नक्सलवाद पर भूपेश बघेल को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा दिए गए नक्सलवाद संबंधी बयान पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा:
“छत्तीसगढ़ में अब नक्सलवाद की कमर टूट चुकी है। पिछले **22 महीनों से हमारी सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल रखा है और मजबूती से लड़ाई लड़ी जा रही है। कांग्रेस सरकार के 5 वर्षों में अगर ईमानदारी से प्रयास होता, तो बस्तर से नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका होता।”
सीएम साय ने यह भी कहा कि जब उनकी सरकार बनी, तब राज्य में 70% से अधिक क्षेत्र नक्सल प्रभावित था, लेकिन अब स्थिति तेजी से सुधर रही है।
बिहार चुनाव पर भी बोले सीएम साय
बिहार चुनाव को लेकर पूर्व सीएम भूपेश बघेल की टिप्पणी पर भी मुख्यमंत्री साय ने निशाना साधा। उन्होंने कहा:
“भूपेश बघेल कई राज्यों में चुनाव प्रभारी रहे हैं और हर बार जीत के दावे किए, मगर देश ने परिणाम देखा है। जनता का भरोसा सिर्फ दावों से नहीं, काम से जीतते हैं।”
राज्य स्थापना दिवस पर ऐतिहासिक आयोजन की तैयारी
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री के स्वागत और आयोजन की व्यापक तैयारियां कर रही है। इस मौके पर छत्तीसगढ़ को विकास, संस्कृति और गौरव के प्रतीक के रूप में देश के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।