पीएम मोदी ने विपक्ष को घेरा, कहा- ‘संकट के समय देश को नुकसान पहुँचाने वाली राजनीति से बचें’

नोएडा/जेवर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में ‘नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट’ के पहले चरण का भव्य उद्घाटन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर पीएम मोदी ने न केवल देश की बढ़ती हवाई कनेक्टिविटी का उल्लेख किया, बल्कि विपक्षी दलों पर तीखा हमला भी बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वैश्विक संकट और युद्ध के इस दौर में राजनीति से ऊपर उठकर देश के हितों के बारे में सोचना चाहिए।

फ्लैश लाइट जलाकर हुआ उद्घाटन

संबोधन की शुरुआत में पीएम मोदी ने एक अनूठे अंदाज में जनता को इस उपलब्धि से जोड़ा। उन्होंने मौजूद भीड़ से अपने मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाने का आग्रह किया और कहा, “यह एयरपोर्ट आपकी अमानत और आपके भविष्य का प्रतीक है।” उन्होंने इसे ‘डबल इंजन’ सरकार की कार्य संस्कृति का बेहतरीन उदाहरण बताया।

फाइलों में कैद था जेवर का सपना

विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट को अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने 2003 में ही सैद्धांतिक मंजूरी दे दी थी। लेकिन 2004 से 2014 तक केंद्र की कांग्रेस सरकार ने इसे फाइलों में दबाए रखा। उन्होंने सपा पर हमला करते हुए कहा, “जब केंद्र में हमारी सरकार बनी, तब यूपी में सपा की सरकार थी जिसने शुरुआती 2-3 सालों तक काम नहीं होने दिया। लेकिन जैसे ही प्रदेश में भाजपा-एनडीए की सरकार आई, नींव भी पड़ी और आज निर्माण भी पूरा हो गया।”

अंधविश्वास और विकास की राजनीति

पीएम मोदी ने नोएडा से जुड़े पुराने ‘अंधविश्वास’ का भी जिक्र किया, जिसके तहत पूर्व मुख्यमंत्री यहाँ आने से डरते थे। उन्होंने कहा, “पहले के सत्ताधारी कुर्सी जाने के डर से नोएडा आने से बचते थे और इसे अपने हाल पर छोड़ दिया था। मुझे भी डराया गया था, लेकिन आज वही नोएडा यूपी के विकास का सबसे सशक्त इंजन बन रहा है।”

हवाई चप्पल वाला भी कर रहा हवाई यात्रा

देश के नागरिक उड्डयन क्षेत्र में आए बदलावों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने बताया कि 2014 से पहले देश में केवल 74 एयरपोर्ट थे, जो आज बढ़कर 160 से अधिक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारें मानती थीं कि हवाई यात्रा सिर्फ अमीरों का शौक है, लेकिन आज भाजपा सरकार ने सामान्य भारतीयों के लिए इसे आसान बना दिया है। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में देश में 100 और नए एयरपोर्ट बनाने का काम चल रहा है।

वैश्विक संकट पर चिंता

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया आज डीजल, खाद और खाद्य सामग्री के संकट से जूझ रही है। ऐसे नाजुक समय में विपक्षी पार्टियों को ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए जो देश की छवि या प्रगति को नुकसान पहुँचाती हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *