नई दिल्ली। केंद्र सरकार की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त को लेकर देशभर के करोड़ों किसानों का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। ताजा मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार होली के त्योहार से पहले किसानों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर करने की तैयारी में है। उम्मीद है कि 24 फरवरी 2026 के बाद यह किस्त कभी भी जारी की जा सकती है।
उल्लेखनीय है कि योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी की गई थी। हालांकि अभी तक सरकार की ओर से आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए फरवरी के अंतिम सप्ताह में इसके आने की प्रबल संभावना है।
किसे मिलेंगे 4000 रुपये
इस बार कई किसानों के खाते में 2000 के बजाय 4000 रुपये जमा हो सकते हैं। यह लाभ उन पात्र किसानों को मिलेगा जिनकी पिछली 21वीं किस्त किसी तकनीकी खराबी या कागजी दस्तावेज अधूरे होने के कारण रुक गई थी। यदि उन्होंने अब अपनी गलतियों को सुधार लिया है, तो उन्हें पिछली किस्त और वर्तमान किस्त की राशि एक साथ जोड़कर दी जाएगी।
ई-केवाईसी कराना अनिवार्य
योजना का लाभ बिना किसी रुकावट के पाने के लिए सरकार ने ई-केवाईसी को अनिवार्य कर दिया है। जिन किसानों ने अब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उनका पैसा अटक सकता है। किसान पीएम किसान पोर्टल पर ओटीपी के माध्यम से या नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर बायोमेट्रिक तरीके से ई-केवाईसी करवा सकते हैं। इसके साथ ही बैंक खाते का आधार से लिंक होना और भूमि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होना भी आवश्यक है।
दुनिया की सबसे बड़ी डीबीटी योजना
वर्ष 2019 में शुरू हुई यह योजना वर्तमान में दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) स्कीम बन चुकी है। इसके तहत पात्र किसानों को सालाना 6000 रुपये की आर्थिक सहायता 2-2 हजार रुपये की तीन किस्तों में सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है।