रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय द्वारा आगामी 23 मार्च को प्लेसमेंट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। यह कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न निजी कंपनियों द्वारा 100 से अधिक पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
इस जॉब फेयर में शैक्षणिक योग्यता के आधार पर 8वीं और 10वीं पास से लेकर स्नातक और स्नातकोत्तर अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। मुख्य रूप से वोडाफोन आइडिया लिमिटेड द्वारा अर्बन प्रमोटर के 100 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए महिला और पुरुष दोनों पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को उनकी योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर 10,000 से 20,000 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पेस्ट कंट्रोल टेक्नीशियन के 5 पदों पर भी भर्ती होनी है, जिसके लिए न्यूनतम योग्यता 8वीं पास रखी गई है और वेतन 10,000 से 14,000 रुपये प्रतिमाह निर्धारित है।
इच्छुक उम्मीदवारों को अपने साथ बायोडाटा, आधार कार्ड और सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति लेकर निर्धारित समय पर कैंप स्थल पहुंचना होगा। शासन की ओर से यह भी स्पष्ट किया गया है कि इस जॉब फेयर में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ ई-रोजगार पोर्टल पर पंजीयन कराना अनिवार्य है। अभ्यर्थी पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना पंजीकरण सुनिश्चित कर सकते हैं।