रायपुर। छत्तीसगढ़ की जनता के लिए आज की सुबह महंगाई का बड़ा झटका लेकर आई है। राज्य सरकार ने बिना किसी पूर्व सूचना के पेट्रोल पर लगने वाले सेस (Cess) में भारी बढ़ोतरी कर दी है। इस फैसले के लागू होने के बाद, 2 अप्रैल की सुबह 6 बजे से प्रदेश में पेट्रोल की कीमतों में 1 रुपये प्रति लीटर का सीधा इजाफा हो गया है। सरकार ने पहले से लागू 24 प्रतिशत वैट के साथ 1 रुपये के सेस को अब बढ़ाकर 2 रुपये कर दिया है, जिससे आम आदमी की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है।
बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते युद्ध के तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में अस्थिरता देखी जा रही है, जिसे आधार बनाकर सरकार ने सेस की दरों में बदलाव किया है। दिलचस्प बात यह है कि करीब 5 साल पहले जब पेट्रोल की कीमतें 100 रुपये के पार गई थीं, तब तत्कालीन सरकार ने जनता को राहत देने के लिए सेस को 2 रुपये से घटाकर 1 रुपये किया था। तब से लेकर अब तक यह दर स्थिर थी, लेकिन अब इसे दोबारा पुरानी दरों पर ला दिया गया है। हालांकि, सरकार ने डीजल की कीमतों में कोई बदलाव न करके मध्यम वर्ग को थोड़ी राहत देने की कोशिश की है।
राजधानी रायपुर की बात करें तो बुधवार तक जो पेट्रोल 99.44 से 99.47 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था, उसकी कीमत अब 100.44 से 100.47 रुपये के बीच पहुंच गई है। दूसरी ओर, डीजल अभी भी 93.41 रुपये प्रति लीटर के पुराने दाम पर ही मिल रहा है। पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि कीमतों में वृद्धि के बावजूद प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी डिपो में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
इस फैसले से सरकार की तिजोरी भरने की भी तैयारी है। वर्तमान में पेट्रोल-डीजल से मिलने वाला सालाना राजस्व 7000 करोड़ रुपये के पार है, जो इस बढ़ोतरी के बाद और अधिक बढ़ जाएगा। वहीं, रसोई गैस (LPG) को लेकर राहत भरी खबर है कि रायपुर में सिलेंडरों की सप्लाई अब सुचारू हो गई है, हालांकि सुरक्षा कारणों से ओटीपी आधारित डिलीवरी अनिवार्य बनी रहेगी।