जाम और हादसों से त्रस्त जनता, बाईपास निर्माण की मांग पर मौन बैठे जनप्रतिनिधि

जनधारा समाचार : दिलीप गुप्ता
सरायपाली। नगर में बढ़ते यातायात , भारी वाहनों के नगर में प्रवेश , ट्रैफिक पुलिस की अनुपलब्धता , पुलिस बल की कमी ,पार्किंग की असुविधा , सड़क किनारे लगाने वाले दुकानों , बैंकों में पार्किंग की सुविधा नहीं होने ,सड़क में ही वाहनों को खड़े किये जाने तथा घरों व दुकानों के सामने पर्याप्त जगह होने के बावजूद ग्राहकों को पार्किंग की सुविधा न देकर दुकान से मुख्य नाली तक अवैध रूप से कब्जा कर लिये जाने की वजह से नगर में सुगम व सुरक्षित यातायात व्यवस्था बेहद डरावनी व कभी भी जान माल के नुकसान होने की आशंका बनी हुई है । उपरोक्त कारणों वश नगर की यातायात व्यवस्था चौपट हो चुकी है । अग्रसेन चौक पर दुर्घटनाओं से मौते भी इसी वजह से हो चुकी है ।सारंगढ़ व सरसीवा तरफ से आने व जाने वाली भारी वाहनों को रायपुर या ओडिशा के किसी भी नगर में जाने या आने के लिए नगर के अंदर से ही इन वाहनों को जान पड़ता है ।


इन समस्याओं के निराकरण हेतु इस संवाददाता द्वारा वर्तमान व पूर्व विधायकों को नगर के बाहर से एक बायपास लिंक रोड बनाए जाने का प्रस्ताव दिया गया था । किंतु इस प्रस्ताव पर न चुने हुवे कोई जनप्रतिनिधियों , नगर के व्यापारिक संघ व संगठनों , सामाजिक संगठनों , व पार्टी से जुड़े कोई भी नेताओं द्वारा रुचि नहीं दिखाई जाने से यह महत्वपूर्ण प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पा रहा है । इस संबंध में इस संवाददाता द्वारा अनेको बार समाचार प्रकाशन कर सभी का ध्यान कई बार आकर्षित किया गया है किंतु परिणाम सामने नहीं आया ।कल ही अग्रसेन थाना चौक के पास लगभग एक घंटे तक चक्काजाम लग चुका है ।


सरायपाली नगर में बढ़ती वाहनों की संख्या, असुरक्षित सड़के व यातायात, लोगो व वाहनों की भीड़ व उनके आवागमन से सड़क में दुर्घटनाओं की संभावना हमेशा बनी हुई है। बेहतर व सुरक्षित यातायात व्यवस्था न होने के कारण मुख्य सड़क में हमेशा आवागमन का दबाव बना रहता है। क्षेत्र का प्रमुख व्यावसायिक व व्यापारिक केंद्र होने की वजह से व्यावसायिक वाहनों के आने जाने से भी लगातार सड़क में दबाव बन रहा है । सारंगढ़ सरसींवा व भंवरपुर मार्ग से ओडिशा व रायपुर तरफ जिन ट्रकों व व्यावसायिक वाहनों को आना व जाना है तो उन्हें सरायपाली नगर के अंदर से ही होकर आना व जाना पड़ता है। इन मार्गों का कोई वैकल्पिक मार्ग नहीं होने से ट्रक चालकों को मजबूरीवश नगर के अंदर प्रवेश करना ही पड़ता है जिस वजह से मुख्य मार्ग में यातायात का दबाव व वाहनों की भीड़ बढ़ जाती है। मुख्य मार्गो पर स्कूल व कालेजों के खुलने , अनेको बैंकों के सामने वाहनों की सड़क तक अत्यधिक भीड़ होने के कारण भी सड़को में भीड़ बढ़ रही है।


वर्तमान में नगर की सुंदरता व बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके इस हेतु गौरव पथ का निर्माण चल रहा है किंतु रुक-रुककर धीमी गति से ठेकेदार द्वारा निर्माण कार्य किये जाने व नाली निर्माण के लिए खोदी गई मिट्टी को सड़क किनारे तक रख दिये जाने से एक ओर यातायात व आवागमन प्रभावित हो रहा है तो वही दूसरी ओर धूल उड़ने से सभी लोग हलाकान हो रहे हैं।


नगर में सर्वाधिक खतरा थाना चौक के पास बना रहता है चौक से सरसींवा की ओर जानी वाली सड़क मुख्य मार्ग से नीचे होने के कारण चढ़ाई में थोड़ी स्पीड से गाड़ी चलानी पड़ती है और यही दुर्घटना का कारण भी बनता है। इन मार्गों पर प्रतिदिन बलौदाबाजार से सामग्री लेकर विशाखापत्तनम तक शिवा ट्रांसपोर्ट की 100 से अधिक ट्रालियुक्त ट्रकों के कारण यह मार्ग अत्यधिक असुरक्षित हो गया है ।


इन सभी मुश्किलों से छुटकारा पाने हेतु बेहतर व सुरक्षित व सुगम यातायात के लिए संलग्न मानचित्र के अनुरूप एक प्रस्तावित रिंग रोड पर विचार किया जा सकता है। बैतारी चौक से एक रिंगरोड सीधे सारंगढ़, सरसींवा व पदमपुर मार्ग को जोड़ते हुवे घण्टेश्वरी मंदिर चौक तक बनाया जा सकता है। इस व्यवस्था से उपरोक्त समस्याओं का समाधान स्वतः ही निकल आयेगा। यह प्रस्तावित सड़क नगर के बाहर बनने से नगर में ट्रकों व भारी वाहनों का प्रवेश लगभग समाप्त हो जाएगा। नगर के अंदर सिर्फ भी ट्रकों आयेगी जो लोकल व्यवसायियों का मॉल लेकर आती हैं ।


इस सम्वन्ध में नागरिको का कहना है कि यदि यह प्रस्ताव उचित लगे या और कोई सुझाव हो तो उस पर विधायक जनप्रतिनिधियों विभिन्न पार्टी से जुड़े नेताओ, प्रशासन व नगरवासियों को इस पर पहल कर मार्ग निर्माण का प्रयास किया जाना चाहिये। इस संबंध में विधायक चातुरी नंद को इस प्रस्ताव की जानकारी इस संवाददाता द्वारा दी गई तो इस प्रस्ताव को नगर के बेहतर व सुरक्षित यातायात के लिए महत्वपूर्ण बताया था । विधायक नंद ने बताया कि इस प्रस्तावित लिंक बाईपास मार्ग के निर्माण के लिए वे मुख्यमंत्री व लोकनिर्माण मंत्री के समक्ष प्रस्ताव रखकर इसके शीघ्र स्वीकृति व निर्माण किये जाने की मांग करेंगी । ताकि इस जनसुविधा का लाभ आमजनता व आम वाहन चालको को भी मिल सके। किंतु लगभग दो वर्षों के बाद भी इस पर संभवतः कोई प्रयास किए जाने की जानकारी नहीं है । वहीं नगर में प्रदेश , राष्ट्रीय व स्थानीय स्तर के अनेक व्यापारी संघ व संगठन भी हैं किंतु कोई भी संघ व संगठन के पदाधिकारियों द्वारा इस प्रस्तावित योजना पर पहल नहीं कर रहा है ।जिसकी वजह से यह योजना आगे नहीं बढ़ पा रही है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *