रायपुर। कचना क्षेत्र के स्वास्तिक नगर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत रह रहे परिवारों ने पानी की भारी किल्लत को लेकर बुधवार को नगर निगम मुख्यालय के सामने मटकी फोड़कर उग्र प्रदर्शन किया। निगम के नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी के नेतृत्व में पहुंचे नागरिकों ने अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त विनोद पांडेय को पत्र सौंपा और जल्द ही बोरिंग कार्य पूरा कराने की मांग की।
जानकारी के अनुसार, पिछले लंबे समय से इस क्षेत्र के नागरिक पेयजल की समस्या से जूझ रहे हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नगर निगम ने उन्हें कॉलोनी में विस्थापित तो कर दिया, लेकिन पीने का पानी, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं कराई गईं। वर्तमान में कॉलोनी में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है, जो अपर्याप्त है। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि 3 फरवरी को बस्ती के दौरे के दौरान बोरिंग कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन आश्वासन के बाद भी अब तक काम शुरू नहीं हुआ है।
विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष ने उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में स्पष्ट किया कि यदि 5 मार्च तक बोरिंग का कार्य पूरा नहीं किया गया, तो आने वाले समय में इससे भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने रायपुर को महानगर बनाने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब जनता को पीने का पानी ही नसीब नहीं हो रहा, तो विकास के दावों का क्या अर्थ है। उन्होंने महापौर और निगम प्रशासन पर उदासीनता का आरोप भी लगाया।
निगम आयुक्त के प्रतिनिधि के रूप में ज्ञापन लेने पहुंचे उपायुक्त विनोद पांडेय ने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि 5 मार्च तक बोरिंग का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने वादा किया कि जब तक स्थायी व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक क्षेत्र में पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ, लेकिन निवासियों ने चेतावनी दी है कि समय सीमा के भीतर काम न होने पर वे दोबारा सड़कों पर उतरेंगे।