रायपुर। छत्तीसगढ़ में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस को भव्य रूप से मनाने के लिए छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड ने विशेष निर्णय लिया है। वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज ने घोषणा की है कि राज्यभर में वक्फ बोर्ड से संबद्ध सभी मस्जिदों, इमामबाड़ों और कार्यालय परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।
डॉ. सलीम राज ने बताया कि प्रदेश में स्थित कुल 8,232 वक्फ संपत्तियों पर एक साथ तिरंगा झंडा फहराया जाएगा। ध्वजारोहण के पश्चात सभी स्थानों पर उपस्थित लोगों के बीच मिठाइयों का वितरण किया जाएगा, जिससे गणतंत्र दिवस का पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा सके।


इसके साथ ही गणतंत्र दिवस के अवसर पर वक्फ बोर्ड के सभी कार्यालयों को विशेष रूप से सजाया जाएगा। वक्फ बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि यह पहल राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम की भावना को सशक्त करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है।