मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के नेता राघव चड्ढा के घर खुशियों ने दस्तक दी है। दोनों के घर बेटे का जन्म हुआ है। इस खुशखबरी की जानकारी कपल ने इंस्टाग्राम पर साझा की। पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। हाल ही में परिणीति अस्पताल में भर्ती हुई थीं, जहां उन्होंने बेटे को जन्म दिया।
दिवाली के मौके पर चोपड़ा और चड्ढा परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पर लिखा, “वो आखिरकार आ गया है, हमारा बेबी बॉय। हमारी बांहें और दिल दोनों भर गए हैं। पहले सिर्फ हम थे, अब हमारे पास सबकुछ है।”
शादी के दो साल बाद कपल के घर यह पहली संतान का आगमन हुआ है। बॉलीवुड और राजनीतिक जगत से बधाइयों का तांता लग गया है। कृति सेनन, अनन्या पांडे सहित कई सेलेब्स ने कपल को शुभकामनाएं दी हैं। फैंस ने भी दिवाली पर इस खुशखबरी को ‘सबसे बड़ा तोहफा’ बताया है।