टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से दुखद खबर सामने आई है। अभिनेता पंकज धीर का निधन हो गया है। उन्हें बीआर चोपड़ा की ऐतिहासिक टीवी सीरीज महाभारत में कर्ण का किरदार निभाने के लिए याद किया जाता है। उनके करीबी दोस्त अमित बहल ने इंडिया टुडे को बताया कि पंकज धीर 15 अक्टूबर को अंतिम सांस ले गए।
सूत्रों के अनुसार, पंकज लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। पहले वे बीमारी पर काबू पा चुके थे, लेकिन हाल के महीनों में कैंसर लौट आया और उनकी हालत गंभीर हो गई। बीमारी के कारण उन्हें बड़ी सर्जरी भी कराई गई, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। पंकज के निधन की खबर से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में मातम का माहौल है। उनके फैंस और साथी कलाकार उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
पंकज धीर की मौत पर CINTAA ने भी दुख व्यक्त किया। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले स्थित श्मशान घाट पर शाम 4.30 बजे होगा। पंकज CINTAA के पूर्व जनरल सेक्रेटरी भी रहे हैं।
पंकज धीर को 1988 में आई बीआर चोपड़ा की महाभारत से व्यापक पहचान मिली। इस शो में उनके द्वारा निभाया गया कर्ण का किरदार दर्शकों के दिलों में हमेशा जीवित रहेगा। पंकज ने टीवी शोज के साथ-साथ फिल्मों में भी काम किया। उनके प्रमुख शो में चंद्रकांता और द ग्रेट मराठा शामिल हैं। फिल्मों में उन्होंने सोल्जर, बादशाह और सड़क जैसी फिल्मों में प्रभावशाली अभिनय किया।
पंकज अपने पीछे पत्नी अनीता धीर और बेटे निकितन धीर छोड़ गए हैं। निकितन भी एक्टिंग में सक्रिय हैं और उन्हें फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस में थंगाबली के किरदार से जाना जाता है। उन्होंने कई माइथोलॉजिकल शोज में काम किया है, जिनमें श्रीमद् रामायण में रावण का रोल शामिल है। पंकज की पत्नी कृतिका सेंगर भी अभिनेत्री हैं, हालांकि शादी के बाद वह कम ही स्क्रीन पर दिखाई देती हैं।
पंकज धीर का जाना भारतीय टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के एक युग का अंत है। उनके किरदार और अभिनय की यादें हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगी।