बिलासपुर। न्यायधानी में बर्ड फ्लू (H5N1) के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से कड़े कदम उठाए हैं। शहर के प्रसिद्ध कानन पेंडारी चिड़ियाघर को आगामी 7 दिनों के लिए पर्यटकों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस दौरान चिड़ियाघर परिसर को मेडिकल टीम द्वारा सेनेटाइज किया जाएगा और वहां मौजूद वन्यजीवों के स्वास्थ्य की गहन जांच की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, अब चिड़ियाघर को अगले महीने अप्रैल में ही आम जनता के लिए खोला जाएगा।
बिलासपुर में पक्षियों की लगातार हो रही मौतों ने प्रशासन को अलर्ट मोड पर ला दिया है। आंकड़ों के अनुसार, 19 मार्च से शुरू हुए इस संक्रमण की चपेट में आने से अब तक 4744 पक्षियों की जान जा चुकी है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र के 1 किलोमीटर के दायरे को इन्फेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है। संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए प्रशासन ने अब तक 22 हजार 808 चूजे, बतख और बटेरों को वैज्ञानिक तरीके से नष्ट किया है। इसके साथ ही 80 क्विंटल दाना और 25 हजार अंडों को भी डिस्पोज किया गया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इन्फेक्टेड जोन के अंतर्गत रामकृष्ण परमहंस नगर और विद्यासागर नगर वार्डों को शामिल किया गया है, जहां स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की टीमें विशेष निगरानी रख रही हैं। कानन पेंडारी प्रबंधन को भी अतिरिक्त सतर्कता बरतने और पक्षियों के बाड़ों की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे पक्षियों की असामान्य मौत दिखने पर तुरंत संबंधित विभाग को सूचित करें।