पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने किया शादी का ऐलान, बोले- गुरु की आज्ञा मिल गई और माता जी देखेंगी लड़की

छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपनी शादी को लेकर चल रही लंबी चर्चाओं पर विराम लगाते हुए बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उन्हें अपने गुरु की आज्ञा मिल गई है और वे जल्द ही विवाह बंधन में बंधेंगे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि गुरु के आदेश के बाद उन्होंने अपनी माता जी से लड़की देखने के लिए कह दिया है और उनकी पसंद से ही विवाह संपन्न होगा।

धीरेंद्र शास्त्री ने अपने सिद्धांतों का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपनी कही बातों पर हमेशा अडिग रहे हैं। उन्होंने भरोसे के साथ कहा कि शादी होना तय है और बहुत जल्द ही अनुयायियों को इसकी खुशखबरी मिलेगी। उन्होंने अपनी माता जी से भी शीघ्र कन्या चयन करने का आग्रह किया है।

विवाह की घोषणा के साथ ही उन्होंने अपनी आगामी आध्यात्मिक गतिविधियों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे 21 दिनों के लिए बद्रीनाथ में साधना करने जा रहे हैं, जिसमें पांच दिनों की विशेष तपस्या शामिल होगी। माना जा रहा है कि इस साधना के पूर्ण होने के बाद विवाह की प्रक्रिया और तेज हो सकती है। बाबा बागेश्वर के इस फैसले से उनके लाखों समर्थकों और भक्तों में उत्साह देखा जा रहा है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *