जम्मू-कश्मीर। जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने एक बार फिर घुसपैठ की कोशिश की, जिसे सुरक्षाबलों ने नाकाम कर दिया। कठुआ जिले के बिलावर इलाके में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जैश-ए-मोहम्मद का एक आतंकी मारा गया। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम बिलावर क्षेत्र में खुफिया सूचना मिलने के बाद सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी ढेर हो गया।
सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि मारे गए आतंकी की पहचान उस्मान के रूप में हुई है, जो पाकिस्तान का रहने वाला था। इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सुरक्षाबल किसी भी आतंकी गतिविधि का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह सतर्क हैं।
राइजिंग स्टार कॉर्प ने भी आतंकी के मारे जाने की पुष्टि की है। सोशल मीडिया पर जारी जानकारी में बताया गया कि 23 जनवरी 2026 को कठुआ के परहेतर क्षेत्र में खुफिया सूचनाओं के आधार पर संयुक्त अभियान चलाया गया था। इलाके की घेराबंदी के बाद हुई मुठभेड़ में एक आतंकी मारा गया, जबकि सर्च ऑपरेशन अभी जारी है।