छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौट रहे प्रधान आरक्षक की दर्दनाक मौत, बस से उतरते समय हुआ हादसा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। महिला थाने में तैनात प्रधान आरक्षक त्रिलोक सिंह की बस से उतरते समय संतुलन बिगड़ने और गिरने के कारण मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ जब वे अपनी 15 दिनों की छुट्टियां बिताकर वापस ड्यूटी पर लौट रहे थे।

मूल रूप से मध्य प्रदेश के बालाघाट निवासी त्रिलोक सिंह (आरक्षक क्रमांक 33) अपनी बेटी के साथ बस से दुर्ग बस स्टैंड पहुंचे थे। जैसे ही वह बस से नीचे उतरने लगे, अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीधे जमीन पर जा गिरे। सिर और आंख के पास गंभीर चोट आने के कारण वह अचेत हो गए। वहां मौजूद उनकी बेटी और स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि त्रिलोक सिंह भिलाई के महिला थाने में पदस्थ थे और आज ही उन्हें काम पर वापस आना था। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। डॉक्टरों का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। इस अचानक हुई घटना से पुलिस महकमे और उनके परिवार में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *