दोंदे कला धान मंडी में शासन के मापदंडों के अनुसार सुचारू रूप से जारी धान खरीदी

छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर से प्रारंभ हो चुकी है, जो शनिवार और रविवार को छोड़कर निरंतर जारी है। यह प्रक्रिया 31 जनवरी 2026 तक संचालित की जानी है। इसी क्रम में खरोरा ब्लॉक की धान मंडी दोंदे कला में भी धान खरीदी पूरी पारदर्शिता और सुचारू व्यवस्था के साथ की जा रही है।

मंडी में किसानों से मोटे धान की खरीदी ₹2369 प्रति क्विंटल और पतले धान की खरीदी ₹2389 प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। शेष राशि शासन की ओर से बाद में किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा कुल ₹3100 प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का प्रावधान किया गया है।

शासन द्वारा जारी सभी मापदंडों का मंडी में पूरी ईमानदारी के साथ पालन किया जा रहा है। एक कट्ठा धान का वजन 40 किलो लिया जा रहा है, जबकि बारदाना सहित कुल वजन 40 किलो 700 ग्राम हो रहा है। तौल प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

मंडी प्रबंधन द्वारा किसानों की सुविधा के लिए शुद्ध पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। किसानों का कहना है कि टोकन प्रणाली के तहत व्यवस्थित तरीके से धान खरीदी हो रही है और उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है। किसानों ने मंडी में चल रही व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *