शेयर बाजार में हाहाकार: सेंसेक्स 1000 अंक लुढ़का, निफ्टी में भी बड़ी गिरावट; निवेशकों के डूबे करोड़ों रुपये

वैश्विक बाजारों से मिले कमजोर संकेतों के चलते आज भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त बिकवाली का दौर देखने को मिल रहा है। शुक्रवार, 27 मार्च को कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन बाजार खुलते ही धड़ाम हो गया। सेंसेक्स करीब 1,000 अंकों (1.30%) की भारी गिरावट के साथ 74,300 के स्तर पर आ गया है। वहीं, निफ्टी भी 300 अंकों की बढ़त गंवाकर 23,000 के मनोवैज्ञानिक स्तर पर संघर्ष कर रहा है। बाजार की इस गिरावट में सबसे ज्यादा मार ऑटो और बैंकिंग सेक्टर पर पड़ी है, जहां निवेशक मुनाफावसूली करते नजर आ रहे हैं।

वैश्विक दबाव का असर बाजार में आई इस सुनामी का मुख्य कारण अमेरिकी और एशियाई बाजारों में मंदी को माना जा रहा है। अमेरिका का डाउ जोन्स और नैस्डैक भारी गिरावट के साथ बंद हुए, जिसका सीधा असर भारतीय बाजार की ओपनिंग पर पड़ा। इसके अलावा, जापान का निक्केई और दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जिससे निवेशकों का भरोसा डगमगाया है।

कच्चे तेल की कीमतों में उथल-पुथल अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में 5% की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे ब्रेंट क्रूड अब 99 डॉलर प्रति बैरल के आसपास पहुंच गया है। हालांकि, भारतीय बास्केट की कीमतों में उछाल देखा जा रहा है, जो चिंता का विषय बना हुआ है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बैंकिंग और ऑटो शेयरों में बिकवाली नहीं थमी, तो निफ्टी में और अधिक गिरावट देखने को मिल सकती है।

पिछली बढ़त पर फिरा पानी इससे पहले बुधवार को बाजार में शानदार रिकवरी देखी गई थी और सेंसेक्स 1,200 अंकों से ज्यादा उछलकर बंद हुआ था। गुरुवार को रामनवमी के कारण बाजार बंद रहा, लेकिन शुक्रवार को खुलते ही पिछले सत्र की सारी बढ़त धराशायी हो गई। सेंसेक्स के 30 प्रमुख शेयरों में से 25 शेयर गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *