ऑस्कर 2026: एक्टर जेवियर बार्डेम ने मंच से दिया फिलिस्तीन के समर्थन में संदेश, वीडियो हुआ वायरल

लॉस एंजिल्स। 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2026 के मंच पर स्पेनिश अभिनेता जेवियर बार्डेम ने एक साहसी राजनीतिक संदेश देकर दुनियाभर का ध्यान अपनी ओर खींचा है। बार्डेम ऑस्कर के मंच पर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के साथ बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म का पुरस्कार प्रस्तुत करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वर्तमान वैश्विक हालातों और युद्ध पर अपनी बेबाक राय रखी।

जेवियर बार्डेम ने ऑस्कर के मंच से फिलिस्तीन का खुलकर समर्थन किया। अपनी स्पीच के दौरान उन्होंने नो टू वॉर और फ्री फिलिस्तीन के नारे लगाए। अभिनेता का यह रुख देख उनके साथ खड़ी प्रियंका चोपड़ा कुछ क्षण के लिए चकित नजर आईं, हालांकि बाद में उन्होंने मुस्कुराते हुए सहमति जताई। बार्डेम के इस आह्वान पर वहां मौजूद दर्शक दीर्घा तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठी।

अभिनेता ने अपने पहनावे के जरिए भी अपना संदेश स्पष्ट किया। उन्होंने जो जैकेट पहनी थी, उस पर नो अ ला गुएर्रा यानी नो टू वॉर का संदेश लिखा एक बैच लगा था। गौरतलब है कि जेवियर बार्डेम पहले भी कई मौकों पर फिलिस्तीन के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद कर चुके हैं।

सोशल मीडिया पर उनकी इस स्पीच का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। जहां एक वर्ग बार्डेम के साहस की सराहना कर रहा है, वहीं दूसरा वर्ग उनकी आलोचना भी कर रहा है। यह विवादित बयान फिलहाल ऑस्कर समारोह का सबसे चर्चित विषय बना हुआ है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *