बाबू पंडरी राव कृदत जी की 104वीं जयंती पर निबंध चित्र प्रदर्शनी का आयोजन

धमतरी/ आज दिनांक 14 मार्च 2026 को बाबू पंडरी राव कृदत की 104वीं जयंती के अवसर पर नगर निगम धमतरी के महापौर श्री रामू रोहरा के नेतृत्व में विंध्यवासिनी माता मंदिर (गौशाला मैदान) के पीछे स्थित सामुदायिक भवन में सायं 5:00 बजे उनके जीवन पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में नागरिक, भाजपा पदाधिकारी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। प्रदर्शनी में बाबू पंडरी राव कृदत के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों, उनके सामाजिक योगदान एवं राष्ट्रसेवा से संबंधित चित्रों को प्रदर्शित किया गया, जिसे देखने के लिए लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बाबू पंडरी राव कृदत ने धमतरी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विस्तार एवं संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने “राज मानस संघ” की स्थापना कर समाज में सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया। उनके प्रयासों से धमतरी क्षेत्र में सामाजिक चेतना और संगठनात्मक कार्यों को नई दिशा मिली। श्री सिन्हा ने कहा कि बाबू पंडरी राव कृदत का जीवन समाजसेवा, राष्ट्रभक्ति और संगठन के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है।

इस अवसर पर महापौर श्री रामू रोहरा ने कहा कि आज का दिन धमतरी के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि हम सभी बाबू पंडरी राव कृदत की 104वीं जन्मजयंती मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाबू पंडरी राव कृदत जी का जीवन त्याग, समर्पण, साहस और राष्ट्रसेवा की भावना से परिपूर्ण था। उनके आदर्श आज के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। महापौर श्री रोहरा ने बताया कि युवाओं को उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व से परिचित कराने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा निबंध एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता 15 मार्च से 30 मार्च तक आयोजित होगी, जिसमें प्रतिभागी अपने निबंध एवं चित्र नगर निगम कार्यालय में जमा कर सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्व छत्तीसगढ़ संघ चालक श्री बिसराम यादव ने कहा कि चित्र प्रदर्शनी को देखकर बाबू पंडरी राव कृदत से जुड़ी पुरानी स्मृतियां ताजा हो गईं। उन्होंने उन्हें एक महान व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनका जीवन समाज के लिए समर्पित रहा और उन्होंने हमेशा संगठन एवं समाज को आगे बढ़ाने का कार्य किया।

इस अवसर पर बाबू पंडरी राव कृदत के पुत्र शिवाजी कृदत, प्रांत सह संघ चालक मोहन साहू, नगर संघ चालक रामलखन गजेंद्र, भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र पंडित, पूर्व जिला महामंत्री अविनाश दुबे, भाजपा विधि प्रकोष्ठ के कविंद्र जैन, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष  पवन गजपाल, आमदी मंडल अध्यक्ष विनय जैन, शहर मंडल महामंत्री गौरव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष निर्मल बरड़िया सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *