रायपुर। छत्तीसगढ़ में NHM (राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन) के अधिकारी और कर्मचारी पिछले कई दिनों से हड़ताल पर हैं। इस हड़ताल के चलते अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं पर असर पड़ रहा है और मरीजों को पर्याप्त इलाज नहीं मिल पा रहा है। ऐसे में प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर 25 नए संविदा चिकित्सा अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति का आदेश जारी किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में 1 विशेषज्ञ चिकित्सक और 24 चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्त कर दिया गया है। इनकी नियुक्ति का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाना और मरीजों को समय पर इलाज प्रदान करना है। नए नियुक्त डॉक्टरों को ग्रामीण और शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा जिला अस्पतालों में तैनात किया गया है ताकि जरूरतमंदों को चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. विकास कुमार साहू को जिला अस्पताल धमतरी में पदस्थ किया गया है। वहीं अन्य डॉक्टरों में डॉ. आकाश नागदेव, डॉ. जयंती लाल दारियो, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. विशाल पत्रे, डॉ. अदिति मारिया लाकर, डॉ. भाविका टंडन, डॉ. मेनका दांडेकर, डॉ. वर्षा कुमारी, डॉ. जयालक्ष्मी बिंझवार, डॉ. नीतू नन्द, डॉ. विनीता मिर्झा, डॉ. बी. दिव्यांशी, डॉ. निशा पैकरा, डॉ. अल्का कुजूर, डॉ. जॉन कुजूर, डॉ. संगीता कंवर, डॉ. हीना कश्यप, डॉ. शायल पटेल, डॉ. नीरज कुमार गंगराले, डॉ. प्रवीन कुमार, डॉ. आशुतोष, डॉ. दीप्ति जतवार, डॉ. दीपाली भूआर्य और डॉ. झरना रानी मारकोले शामिल हैं।
यह नियुक्ति उस समय की गई है जब NHM के कर्मचारी बेहतर वेतन, सेवा शर्तों और अन्य मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। हाल ही में काम पर लौटने का अल्टीमेटम देने के बाद 25 कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई थी, जिससे अन्य कर्मचारियों में असंतोष और बढ़ गया। इसके चलते कई कर्मचारियों ने सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया, फिर भी हड़ताल जारी है।
प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह कदम उठाया है। प्रशासन का मानना है कि नए डॉक्टरों की नियुक्ति से अस्पतालों में इलाज में तेजी आएगी और मरीजों को राहत मिलेगी। वहीं, हड़ताल समाप्त कराने के लिए संवाद और वार्ता का प्रयास भी जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सेवाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी।