ऑपरेशन साइबर शील्ड: फर्जी लिंक भेजकर ठगी करने वाले दो आरोपी राजस्थान से गिरफ्तार, आरटीओ चालान के नाम पर लूटे थे साढ़े चार लाख

रायपुर। रायपुर रेंज पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने फर्जी लिंक के जरिए ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। ये आरोपी विभिन्न संदिग्ध ऐप के माध्यम से एंड्रॉइड यूजर्स के मोबाइल हैक कर उनके बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे।

पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में बाड़मेर निवासी पृथ्वी कुमार बिश्नोई उर्फ राहुल और जोधपुर निवासी नरसिंह सिंह को पकड़ा गया है। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन, सिम कार्ड और बैंक दस्तावेजों को बरामद किया गया है।

प्रार्थी धर्मेंद्र सिंह ने विधानसभा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पास ‘आरटीओ ई-चालान’ के नाम से एक एसएमएस आया था। जैसे ही उन्होंने मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक किया, उनके खाते से 4.52 लाख रुपये कट गए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और डिजिटल ट्रांजेक्शन के विश्लेषण के आधार पर पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची और आरोपियों को धर दबोचा।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी यूट्यूब और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर टास्क पूरा करने या गेम खेलकर पैसा कमाने का लालच देकर विनमेट और विंगो जैसे ऐप डाउनलोड करवाते थे। ये ऐप आधिकारिक स्टोर पर उपलब्ध नहीं होते थे। ऐप इंस्टॉल होते ही यूजर का मोबाइल हैक हो जाता था और उसके फोन से अन्य लोगों को फर्जी लिंक भेजे जाते थे।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ठगी की रकम को सीधे निकालने के बजाय स्विगी और इंस्टामार्ट जैसे प्लेटफॉर्म से महंगे सामान की ऑनलाइन खरीदारी करते थे। वे इन सामानों को अलग-अलग राज्यों में डिलीवर कराते थे ताकि पुलिस उन तक न पहुंच सके। रेंज साइबर थाना पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संपर्कों की तलाश कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *