ऑनलाइन सट्टा किंग गिरफ्तार: पुलिस की दबिश में खुला राज, भारी मात्रा में गांजा और अंग्रेजी शराब बरामद

रमेश गुप्ता भिलाई । जामुल थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा संचालन के मामले में फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से मादक पदार्थ गांजा एवं अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट एवं आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 05 अप्रैल को थाना जामुल पुलिस एवं एसीसीयू टीम ने ग्राम खेदामारा नहर किनारे मैदान में कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा (BETBHAI 9 लिंक) खेलते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खुलासा किया कि ऑनलाइन सट्टा एप उपलब्ध कराने एवं पूरे नेटवर्क का संचालन मनिन्दर सिंह द्वारा किया जा रहा था, जो लगातार स्थान बदलकर गतिविधियों को अंजाम देता था।
मुख्य आरोपी की तलाश के दौरान पुलिस ने 07 अप्रैल को उसके निवास, लेबर कैम्प वार्ड क्रमांक 08 जामुल में दबिश दी। तलाशी के दौरान सट्टा संचालन में प्रयुक्त मोबाइल फोन, बैंकिंग दस्तावेज, 35 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब (प्रत्येक 750 एमएल) तथा 4 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
बरामद शराब की अनुमानित कीमत ₹79,020 तथा गांजे की कीमत लगभग 2,32,500 रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) एवं आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत पृथक अपराध पंजीबद्ध किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से ऑनलाइन सट्टा संचालन कर रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *