ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 5 हजार का इनामी खाईवाल राजा बजाज और साथी गिरफ्तार

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भगोड़े खाईवाल राजेश उर्फ राजा बजाज और उसके साथी प्रदीप खत्री को रायपुर के एक होटल से गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के नाम पर कमरा बुक कराकर वहां से रिक्की पैनल के जरिए देशभर में ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 6.90 लाख रुपये नकद, तीन लग्जरी कारें, लैपटॉप, महंगे मोबाइल और सट्टे के हिसाब-किताब के रजिस्टर समेत करीब 45 लाख रुपये का सामान जब्त किया है। इसके अलावा 10 से ज्यादा बैंक खातों में करोड़ों रुपये के लेनदेन के दस्तावेज भी मिले हैं। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अब वित्तीय जांच शुरू की गई है और उनकी अवैध संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

जांच में सामने आया है कि आरोपी टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को जोड़ते थे और उन्हें एविएटर, कैसिनो और हॉर्स राइडिंग जैसे गेम का लिंक भेजकर दांव लगवाते थे। इस कारोबार में मुनाफे का 65 प्रतिशत हिस्सा हेड ऑफिस और 35 प्रतिशत हिस्सा स्थानीय ऑपरेटरों को मिलता था। नेटवर्क चलाने के लिए आरोपी दूसरों को कमीशन का लालच देकर उनके फर्जी सिम कार्ड और बैंक खातों का उपयोग करते थे।

गिरफ्तार आरोपी राजा बजाज लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस ने उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वह लगातार अपने ठिकाने बदलकर सट्टा ऑपरेट कर रहा था। पुलिस ने अब इनके आय-व्यय की जानकारी जुटाकर सख्त आर्थिक कार्रवाई की तैयारी कर ली है ताकि इस अवैध कारोबार को पूरी तरह नष्ट किया जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *