सेंट्रल लाइब्रेरी के बाहर छात्र की जेब में फटा वनप्लस का स्मार्टफोन, हाथ-पैर झुलसे

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा सामने आया है, जहां पढ़ाई कर रहे एक छात्र की जेब में रखा मोबाइल अचानक बम की तरह फट गया। सरकंडा स्थित सेंट्रल लाइब्रेरी के पास हुई इस घटना में छात्र गंभीर रूप से झुलस गया है। गनीमत रही कि छात्र के दोस्तों ने तत्परता दिखाई, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

लाइब्रेरी के बाहर अचानक निकला धुआं और फिर धमाका

मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित छात्र राम कश्यप शनिवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच अपनी पढ़ाई पूरी कर लाइब्रेरी से खाना खाने के लिए बाहर निकला था। इसी दौरान उसके साथ चल रहे दोस्त शिवेंद्र सिंह की नजर राम की पैंट की जेब पर पड़ी, जिससे अचानक धुआं निकल रहा था। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, धुआं आग की लपटों में बदल गया और जेब के अंदर ही मोबाइल जोरदार धमाके के साथ फट गया।

हाथ और पैर झुलसे, सूझबूझ से बची जान

धमाका इतना तेज था कि लाइब्रेरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में छात्र का दाहिना पैर और दोनों हाथ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। आग की लपटों से बचने के लिए छात्र ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और पैंट उतार दी, वहीं उसके साथी ने तत्काल आग बुझाने में मदद की। घायल छात्र को उसके मित्रों ने आनन-फाणन में अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।

वनप्लस (OnePlus) कंपनी का था मोबाइल, जांच की मांग

बताया जा रहा है कि पीड़ित छात्र वनप्लस कंपनी का स्मार्टफोन इस्तेमाल कर रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए छात्र के दोस्तों ने संबंधित मोबाइल कंपनी में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि अभी तक ब्लास्ट के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक रूप से बैटरी में तकनीकी खराबी या ओवरहीटिंग को इसके पीछे की वजह माना जा रहा है। सरकंडा थाना क्षेत्र की इस घटना ने स्मार्टफोन सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *