रायपुर: कचना स्थित सिटी ऑफ ड्रीम्स सोसाइटी के क्लब हाउस में 13 अप्रैल को एक दिवसीय ‘सीता’ प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। आयोजनकर्ता ममता टावरी और शिनी श्री कुमार ने बताया कि इस प्रदर्शनी का उद्घाटन छत्तीसगढ़ प्रादेशिक माहेश्वरी महिला संगठन की मीडिया प्रभारी कविता राठी द्वारा सुबह 11 बजे किया जाएगा।
महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रदर्शनी में ग्राहकों के लिए जेवेलरी, डिजाइनर साड़ियां, गिफ्ट आइटम्स, कॉस्मेटिक, कान्हा पोशाक और सजावट के विभिन्न सामान एक ही छत के नीचे उपलब्ध रहेंगे। आयोजकों का मुख्य लक्ष्य उच्च स्तरीय और आकर्षक सामान कम दरों पर उपलब्ध कराना है।
इस प्रदर्शनी में खरीदारी के साथ-साथ शहरवासियों के लिए रोमांचक खेलों का भी आयोजन किया गया है। विशेष बात यह है कि इस आयोजन से प्राप्त होने वाली धनराशि को चैरिटी के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता के लिए उपयोग किया जाएगा। यह पूरा आयोजन समाज सेवा और आपसी सहयोग की भावना को समर्पित है।
