राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत कोरिया जिले के 100 विद्यार्थियों का एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण संपन्न

कोरिया, 06 फरवरी, 2026/
राज्य परियोजना कार्यालय समग्र शिक्षा, रायपुर द्वारा संचालित एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत कोरिया जिले के शासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों हेतु एकदिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया।

इस भ्रमण में जिले के सेजेस खरवत, सेजेस महलपारा, सेजेस चरचा, माध्यमिक शाला ओड़गी एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिशुनपुर के मिडिल एवं सेकेंडरी स्तर के कुल 100 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन कलेक्टर कोरिया चंदन त्रिपाठी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का संचालन जिला शिक्षा अधिकारी तथा स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक के निर्देशन में संपन्न हुआ।

विद्यार्थियों को प्रातः 9 बजे सेजेस खरवत से आवश्यक दिशा-निर्देश एवं शुभकामनाओं के साथ भ्रमण हेतु रवाना किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एशिया के सबसे बड़े गोंडवाना मरीन फॉसिल पार्क, मनेंद्रगढ़ का अवलोकन किया। यह पार्क हसदेव नदी के तट पर लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में विस्तृत है, जहां लगभग 29 करोड़ वर्ष पुराने समुद्री जीवों के जीवाश्म चट्टानों एवं बोल्डरों में संरक्षित हैं। यह पार्क राष्ट्रीय भूवैज्ञानिक स्मारक के रूप में अधिसूचित है।

पार्क स्थित जुरासिक रॉक गार्डन एवं इंटरप्रिटेशन सेंटर में विद्यार्थियों को भूगर्भीय इतिहास, जीवाश्म विज्ञान, पृथ्वी की उत्पत्ति एवं पृथ्वी पर जीवन के विकास से संबंधित जानकारी वैज्ञानिक एवं दृश्य माध्यमों से प्रदान की गई।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों ने चिरमिरी पोड़ी स्थित जगन्नाथ मंदिर के दर्शन भी किए। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए विज्ञान एवं इतिहास को प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझने का एक ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं उपयोगी अवसर सिद्ध हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *