एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला संपन्न, किसानों को योजनाओं की मिली जानकारी

Kanker news

कांकेर। शहर के नए कम्युनिटी हॉल में आयोजित एक दिवसीय जिला स्तरीय किसान मेला सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मेले में जिलेभर से पहुंचे किसानों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की और विभिन्न सरकारी योजनाओं व आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में कांकेर सांसद भोजराज नाग एवं मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष भरत मटियारा विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेले के दौरान किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, फसल बीमा योजना तथा आधुनिक कृषि तकनीकों से संबंधित जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना, जोखिम कम करना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।

कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्नत बीज, आधुनिक खेती पद्धतियों, जैविक कृषि और नवीन तकनीकों पर विस्तार से जानकारी साझा की। किसानों ने विशेषज्ञों से सीधे संवाद कर अपनी समस्याओं और जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया।

भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की उपस्थिति के साथ-साथ बड़ी संख्या में किसान भाई-बहनों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। आयोजन के माध्यम से यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि किसान कल्याण से जुड़ी योजनाएं अब कागजों से निकलकर जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू हो रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *