रमेश गुप्ता दुर्ग। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) दुर्ग के तत्वावधान में मंगलवार को पुलगांव स्थित वृद्धाश्रम में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों के स्वास्थ्य की समग्र जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराना था।
आईएमए दुर्ग के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा आयोजित इस शिविर में वृद्धाश्रम में निवासरत सभी बुजुर्ग महिलाओं एवं पुरुषों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। सामान्य स्वास्थ्य जांच के तहत रक्तचाप मापन सहित सर्दी-जुकाम जैसी सामान्य बीमारियों की जांच डॉ. अजय गोवर्धन एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नीलम मल्होत्रा द्वारा की गई।

नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पूजा मिश्रा ने बुजुर्गों की आंखों की विस्तृत जांच करते हुए रेटिना परीक्षण एवं दृष्टि परीक्षण किया। वहीं ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आदित्य मेठी ने नाक, कान एवं गले से संबंधित रोगों की जांच की। अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. राजकुमार नायक द्वारा हड्डी एवं जोड़ संबंधी समस्याओं का परीक्षण एवं उपचार किया गया।
शिविर में मरीजों को आवश्यक दवाइयों के साथ-साथ रक्त जांच की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई। इसके अतिरिक्त मानसिक स्वास्थ्य एवं आध्यात्मिक विषयों पर भी सारगर्भित चर्चा की गई, जिससे बुजुर्गों को मानसिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया गया।
इस वर्ष विश्व स्वास्थ्य दिवस की थीम “Together for Health: Stand with Science” रखी गई है, जिसका हिंदी अर्थ है— “स्वास्थ्य के लिए एक साथ, विज्ञान के साथ खड़े हों”। यह थीम वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित निर्णयों और सामूहिक प्रयासों के महत्व को रेखांकित करती है, जिससे मानव, पशु, वनस्पति एवं पर्यावरण के स्वास्थ्य की समग्र सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान यह संदेश दिया गया कि समाज के सभी वर्ग मिलकर कार्य करें, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्राप्त हों। साथ ही लोगों से अपील की गई कि वे अफवाहों एवं भ्रांतियों से बचते हुए वैज्ञानिक जानकारी पर भरोसा करें।
आईएमए दुर्ग के अध्यक्ष एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. रजनीश कांत मल्होत्रा तथा सचिव डॉ. ज्ञानेश मिश्रा के नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल आयोजन एवं संचालन किया गया। शिविर के दौरान वृद्धाश्रम के निवासियों के लिए चाय-नाश्ते की भी व्यवस्था की गई।
वृद्धाश्रम के निवासियों ने आईएमए की टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताया। कार्यक्रम का समापन सभी के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की कामना के साथ हुआ।