पामगढ़ के डोंगाकोहरौद में ट्रैक्टर पर खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल, पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
जांजगीर-चांपा जिले में होली की रात जहां एक ओर रंग और उल्लास का माहौल था, वहीं कुछ इलाकों में असामाजिक तत्वों का उपद्रव भी देखने को मिला। जिला मुख्यालय से लगे पुटपुरा गांव, जो जांजगीर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है, वहां युवकों के एक समूह ने मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क जाम कर दिया। इस दौरान चार पहिया वाहनों पर पथराव किया गया और शासकीय संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया गया।
कुछ युवक हाथों में चाकू लहराते हुए गांव में घूमते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।इधर पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डोंगाकोहरौद में भी कुछ युवक ट्रैक्टर पर सवार होकर खतरनाक स्टंट करते दिखाई दिए। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया में जमकर वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है।
गौरतलब है कि होली को लेकर जिले में पुलिस द्वारा पहले से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर लगभग 750 स्ट्राइक फोर्स जवान, 100 अतिरिक्त पुलिस बल, 50 चार पहिया वाहन और 100 बाइक पेट्रोलिंग में तैनात किए गए थे। ड्रोन के माध्यम से भी निगरानी की जा रही थी। इसके बावजूद पुटपुरा गांव में हुई इन घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इन उपद्रवियों पर क्या कार्रवाई करती है।
विनोद कुशवाहा