पंचमी पर मां बम्लेश्वरी दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब, तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

राजनांदगांव। चैत्र नवरात्रि की पंचमी तिथि पर जिले भर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मां बम्लेश्वरी मंदिर में तीन लाख से अधिक भक्तों ने दर्शन कर माता का आशीर्वाद लिया, जबकि शहर के अन्य मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।

पंचमी के अवसर पर विधि-विधान के साथ माता का विशेष श्रृंगार किया गया और भव्य पूजा-अर्चना संपन्न हुई। ज्योति कक्ष को फूलों से आकर्षक रूप से सजाया गया, जिसका दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।

नवरात्रि के चलते पिछले पांच दिनों से मंदिरों में भक्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। पंचमी तिथि होने के कारण डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त पैदल, दोपहिया और चारपहिया वाहनों से पहुंचते रहे।

मंदिर समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, देर रात तक तीन लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इसके अलावा शहर के मां शीतला मंदिर, मां पाताल भैरवी मंदिर, दुर्गा मंदिर और काली माई मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे।

पंचमी तिथि को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। डोंगरगढ़ स्थित मंदिर में करीब 850 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इसके अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मंदिर परिसरों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *