सोनहत, कोरिया। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम मेंड्रा स्थित ऐतिहासिक हसदेव नदी के उद्गम स्थल पर विराजित शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं कोरिया सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत अपने परिवार के साथ विशेष रूप से उपस्थित हुए। महंत दंपति ने भगवान भोले शंकर के समक्ष दीप प्रज्वलित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
इस धार्मिक समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य लोगों ने भी उपस्थित थे। इनमें पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पूर्व विधायक डॉ. विनय जायसवाल, पूर्व विधायक अंबिका सिंहदेव उपस्थित रहीं। साथ ही, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, जिला एमसीबी अध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव, जिला महामंत्री राजीव गुप्ता एवं सौरभ गुप्ता सहित कांग्रेस पार्टी के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।