धनतेरस पर IRCTC ने यात्रियों को दिया “सरप्राइज”: साइट ठप, टिकट बुकिंग में मची अफरातफरी!

रायपुर, 17 अक्टूबर 2025: धनतेरस की खरीदारी और त्योहार की तैयारी में जुटे यात्रियों को IRCTC ने इस बार बड़ा झटका दे दिया। जैसे ही सुबह 10 बजे AC और 11 बजे नॉन-AC तत्काल टिकट बुकिंग शुरू हुई, वेबसाइट और मोबाइल ऐप ने काम करना पूरी तरह बंद कर दिया। लाखों लोग अपने प्लान के साथ साइट पर लॉगिन करने पहुंचे, लेकिन पेज लोड नहीं हुआ और ऐप बार-बार क्रैश होने लगा। सोशल मीडिया पर लोग नाराजगी जाहिर करते हुए IRCTC को “त्योहारों की सबसे बड़ी बाधा” कह रहे हैं।

IRCTC अधिकारियों का कहना है कि “तकनीकी कारणों से सर्वर में समस्या आई है। हमारी टीम इसे जल्द ठीक करने में लगी है।” हालांकि यात्रियों को इससे कोई राहत नहीं मिली। रोजाना 12.5 लाख टिकट IRCTC के जरिए बुक होती हैं, इसलिए अचानक साइट ठप होने से अफरातफरी फैल गई।

रेलवे ने सलाह दी है कि फिलहाल साइट और ऐप पर बार-बार लॉगिन करने की कोशिश न करें और कुछ समय बाद पुनः प्रयास करें। त्योहारों पर यात्रियों का “IRCTC एक्सपीरियंस” इस बार कुछ ज्यादा ही रोमांचक साबित हुआ!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *