पत्रकारों के लिए आवासीय भूमि व मीडिया कक्ष की मांग को लेकर मुख्यमंत्री साय से मिले जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के पदाधिकारी

कोरिया। जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की। बैकुंठपुर के रेस्ट हाउस में आयोजित इस भेंट के दौरान क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर पत्रकारों की विभिन्न लंबित मांगों पर ध्यान आकर्षित कराया।मुलाकात के समय जिला जर्नलिस्ट प्रेस क्लब कोरिया के संरक्षक उत्तम कश्यप, अध्यक्ष प्रवीन्द सिंह, सचिव योगेश चंद्रा, उपाध्यक्ष राजेश राज गुप्ता और कार्यालय प्रभारी जूही खातून उपस्थित रहे।

पत्रकारों के लिए 5 एकड़ आवासीय भूमि की मांग

ज्ञापन में प्रमुख रूप से जिले के पत्रकारों के लिए आवासीय भूमि की मांग उठाई गई। पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि जिले के अधिकांश पत्रकारों के पास स्वयं का आवास नहीं है, जिसके कारण उन्हें अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या के समाधान हेतु पत्रकारों ने जिला मुख्यालय में लगभग 5 एकड़ भूमि आवासीय भूखंड के रूप में उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें स्थायित्व और सुरक्षा मिल सके।

कलेक्ट्रेट परिसर में मीडिया कक्ष की स्थापना की मांग

कलेक्ट्रेट परिसर में एक सुव्यवस्थित मीडिया कक्ष की स्थापना की भी पुरजोर मांग की गई। पत्रकारों ने बताया कि कोरिया जिले और दूरस्थ अंचलों से पत्रकारगण जनहितकारी कार्यों और समाचार संकलन के सिलसिले में नियमित रूप से कलेक्ट्रेट परिसर आते हैं। हालांकि, उनके बैठने के लिए किसी समुचित कक्ष की व्यवस्था नहीं है। धूप, वर्षा और कड़ाके की ठंड के समय उन्हें अत्यंत असुविधा का सामना करना पड़ता है, जिससे उनके पेशेवर कार्य प्रभावित होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *