गरियाबंद में 63.50 लाख के हीरों के साथ ओडिशा का तस्कर गिरफ्तार, पुलिस ने जब्त किए 34 नग

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में पुलिस ने हीरा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 63.50 लाख रुपये के हीरे जब्त किए हैं। इस मामले में ओडिशा के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो हीरों की बिक्री के लिए ग्राहक की तलाश में गरियाबंद पहुंचा था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओडिशा के कालाहांडी निवासी बंशी शेट्टी के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम नहरगांव स्थित स्कूल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति बैग लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद छोटे बैग से 34 नग हीरे बरामद हुए। पुलिस द्वारा हीरों के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम बंशी शेट्टी बताया, जो ओडिशा के भवानीपटना का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हीरे जब्त कर लिए हैं।

पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि आरोपी के साथ तस्करी के इस खेल में और कौन-कौन शामिल है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन हीरों को गरियाबंद में किसे सौंपा जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *