Nora Fatehi Song Controversy : मुंबई। बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी परफॉर्मेंस नहीं बल्कि उनके एक गाने को लेकर खड़ा हुआ विवाद है। कन्नड़ फिल्म ‘KD: The Devil’ के हालिया रिलीज गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर बढ़ते विरोध के बाद मेकर्स ने इसे यूट्यूब से हटा दिया है। सोशल मीडिया पर इस गाने के बोल और डांस स्टेप्स को लेकर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही थी।
बोल और बोल्डनेस पर भड़के यूजर्स
ध्रुव सरजा स्टारर फिल्म ‘KD: The Devil’ का यह गाना रिलीज होते ही विवादों में घिर गया। गाने में नोरा फतेही के साथ बॉलीवुड के ‘खलनायक’ संजय दत्त भी नजर आए थे। दर्शकों का आरोप है कि गाने के बोल ‘वल्गर’ यानी अश्लील हैं और भारतीय संस्कृति के लिहाज से आपत्तिजनक हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यूजर्स ने गाने के कुछ डांस मूव्स को भी ‘अति-बोल्ड’ बताते हुए इसे तुरंत बैन करने की मांग की थी।
बादशाह के बाद अब नोरा का गाना रडार पर
म्यूजिक इंडस्ट्री में कंटेंट को लेकर चल रहा यह विवाद नया नहीं है। हाल ही में रैपर बादशाह के गाने ‘टटीरी’ पर भी भारी बवाल हुआ था। उस विवाद की आग अभी ठंडी भी नहीं हुई थी कि नोरा और संजय दत्त के इस गाने ने आग में घी डालने का काम किया। विवाद को बढ़ता देख और कानूनी पचड़ों से बचने के लिए फिल्म के मेकर्स ने बैकफुट पर आना ही बेहतर समझा और गाने को सार्वजनिक प्लेटफॉर्म से हटा लिया।
फिल्म ‘KD: The Devil’ पर संकट?
ध्रुव सरजा की यह फिल्म अपनी ग्रैंड मेकिंग को लेकर पहले ही काफी सुर्खियों में है। संजय दत्त और नोरा फतेही जैसे बड़े सितारों की मौजूदगी से फिल्म को पैन-इंडिया लेवल पर प्रमोट किया जा रहा था। हालांकि, गाने के डिलीट होने से फिल्म की मार्केटिंग पर असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। जानकारों का कहना है कि अब मेकर्स इस गाने को संशोधित बोल (Revised Lyrics) के साथ दोबारा रिलीज कर सकते हैं।