पंचायत, बूथ और वार्ड को मजबूत करने हुंकार — लेखराम साहू

भानुप्रतापपर। भानुप्रतापपुर में कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस बैठक में पूर्व विधायक कुरूद एवं जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के प्रभारी लेखराम साहू, विधायक भानुप्रतापपुर सावित्री मनोज मंडावी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी बिरेश ठाकुर, प्रदेश सचिव जनक नंदन कश्यप, विजय ठाकुर, ब्लॉक प्रभारी महामंत्री ठाकुर राम कश्यप सहित अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगठन मजबूती पर जोर
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय जनता पार्टी छोटी-छोटी बातों को बढ़ा-चढ़ाकर जनता में भ्रम फैलाने का काम करती है, लेकिन अब जनता सच्चाई समझ चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को मजबूत करने के लिए सक्रिय और कर्मठ बनने का आह्वान किया।


कार्यकर्ताओं में भरा जोश
विधायक सावित्री मनोज मंडावी ने कहा कि किसी भी पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ताओं के मनोबल पर निर्भर करती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और शहर तक जनहितकारी योजनाओं का प्रचार करने और संगठन को मजबूत करने की अपील की। साथ ही भाजपा पर महंगाई बढ़ाने का आरोप लगाते हुए सरकार परिवर्तन की आवश्यकता बताई।
गांव-शहर तक संगठन विस्तार
प्रभारी लेखराम साहू ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए गांव से लेकर शहर तक नई टीम का गठन करना होगा। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता ईमानदारी से काम करेगा, उसे पार्टी में उचित स्थान दिया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कांकेर जिले की जनता कांग्रेस के पक्ष में है, लेकिन संगठन को और मजबूत करना जरूरी है।
केंद्र सरकार पर साधा निशाना
लेखराम साहू ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस में दी जाने वाली सब्सिडी का सीधा लाभ जनता तक नहीं पहुंच रहा है। उन्होंने सरकार से प्रति लीटर पेट्रोल-डीजल और गैस की कीमत में ₹10 की कमी करने की मांग की, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
मिशन ‘गांव चलो’ अभियान
बैठक में ‘मिशन गांव चलो’ अभियान के तहत संगठन विस्तार और बूथ, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर मजबूती लाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में जिला, ब्लॉक, मंडल, यूथ, बूथ और सेक्टर स्तर के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर आगामी चुनावों के लिए कांग्रेस को तैयार करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *