रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में आयोजित एक गरिमामय कार्यक्रम में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीएनजी चालित वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और पाइपलाइन के माध्यम से घरों तक पहुंचने वाली गैस सुविधा की शुरुआत की।
परियोजना का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना का रजत जयंती वर्ष मना रहा है और इस विकास यात्रा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता पूनम चौबे से संवाद कर नई सुविधा के लाभों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बताया कि अब बड़े महानगरों की तर्ज पर प्रदेश के घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को पाइपलाइन के माध्यम से सुरक्षित और सस्ती गैस उपलब्ध होगी, जिससे लोगों को सिलेंडर रिफिलिंग की समस्या से स्थाई मुक्ति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना न केवल नागरिकों की सुविधा बढ़ाएगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक बड़ा कदम साबित होगी। वाहनों में सीएनजी के बढ़ते उपयोग से वायु प्रदूषण कम होगा और आम जनता के ईंधन खर्च में भी बचत होगी। उन्होंने एचसीजी समूह को निर्देश दिए कि रायपुर के साथ-साथ बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों में भी सीएनजी स्टेशनों का नेटवर्क तेजी से विस्तारित किया जाए।
संबोधन के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ग्रीन एनर्जी को प्राथमिकता दे रही है। हालिया बजट में भी अधोसंरचना विकास के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ ईंधन अपनाकर हरित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनें।