छत्तीसगढ़ में स्वच्छ ऊर्जा की नई शुरुआत: मुख्यमंत्री ने रायपुर में सिटी गैस परियोजना और पाइपलाइन गैस का किया उद्घाटन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में सिटी गैस अवसंरचना परियोजना और पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) रसोई गैस पाइपलाइन सुविधा का औपचारिक उद्घाटन किया। इस पहल के साथ ही प्रदेश में स्वच्छ और हरित ऊर्जा की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री ने रायपुर, गरियाबंद और बलौदाबाजार जिलों के लिए इस सुविधा की शुरुआत करते हुए कहा कि घरेलू, वाहन और औद्योगिक क्षेत्रों में सीएनजी और पीएनजी के उपयोग से प्रदूषण कम होगा और लोगों को सस्ता व सुरक्षित ईंधन मिलेगा। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की पहली महिला पीएनजी उपभोक्ता पूनम चौबे से वीडियो कॉल पर चर्चा की। पूनम ने सिलेंडर के झंझट से मुक्ति मिलने पर प्रसन्नता जताई। मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में प्रदेश में सीएनजी स्टेशनों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।

होली से पहले किसानों को मिलेगी बड़ी सौगात

किसानों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि होली के त्योहार से पहले किसानों के खातों में धान की अंतर राशि के रूप में 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए शनिवार को बिलासपुर के बिल्हा में एक विशाल राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, साथ ही पूरे प्रदेश में भी कार्यक्रमों के जरिए राशि का अंतरण होगा।

मुख्यधारा में लौट रहे पूर्व नक्सली

विधानसभा की कार्रवाई देखने पहुंचे आत्मसमर्पित नक्सलियों के विषय में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्रभावी पुनर्वास नीति के सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं। बड़ी संख्या में नक्सली हिंसा का रास्ता छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं। ये लोग लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने के लिए विधानसभा की कार्यवाही का अवलोकन कर रहे हैं, जो एक सुखद बदलाव का संकेत है।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *