रायपुर। राजधानी रायपुर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां स्कूल जा रहे दो बच्चों को एक दर्दनाक सड़क हादसे का सामना करना पड़ा। यह हादसा शहर के प्रमुख इलाके छत्तीसगढ़ क्लब के सामने हुआ। इस भीषण टक्कर में एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह हादसा और भी हैरान करने वाला था, क्योंकि बच्चों को कुचलने वाला वाहन ट्रैफिक पुलिस की ‘टोइंग गाड़ी’ (क्रिन) थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी ने बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, गाड़ी का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतक बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही, फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है।