रायपुर, 17 अक्टूबर 2025: राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल से एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें NDPS एक्ट के आरोपी मोहम्मद रशीद अली उर्फ राजा बैझड़ अपने परिवार से मोबाइल के जरिए वीडियो कॉल करते नजर आ रहे हैं। जेल में कैद होने के बावजूद राजा बैझड़ ने अपने दबदबे को दिखाने की नीयत से यह वीडियो बनवाया और इसे सोशल मीडिया पर वायरल करवा दिया। वीडियो 13 से 15 अक्टूबर के बीच का बताया जा रहा है।

वीडियो में राजा बैझड़ जेल में कसरत करते हुए दिखाई दे रहे हैं, साथ ही अपने साथियों के संग सेल्फी भी ले रहे हैं। तीन महीने से जेल में बंद होने के बावजूद वह सोशल मीडिया पर सक्रिय है। आरोपी ने पहले किसी रिश्तेदार से वीडियो कॉल की और फिर जेल में खुद का वीडियो बनाकर भेजा, जिसमें वह यह दिखाने की कोशिश कर रहा है कि जेल की दीवारों के भीतर उसी का ही दबदबा चलता है और उस पर किसी तरह का नियंत्रण नहीं है।

पुलिस के अनुसार, राजा बैझड़ पर क्राइम नंबर 317/25 दर्ज है और उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत 11 जुलाई 2025 को टिकरापारा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि वह जेल के भीतर से वसूली और नशे के नेटवर्क को चला रहा है, जिसमें कुछ जेलकर्मी भी उसकी मदद कर रहे हैं।

रायपुर सेंट्रल जेल पहले भी विवादों में रह चुकी है। इससे पहले गैंगस्टर अमन साव का जेल के अंदर फोटोशूट वायरल हुआ था, जिससे जेल प्रशासन पर मिलीभगत और सुरक्षा चूक के आरोप लगे थे। राजा बैझड़ का वायरल वीडियो एक बार फिर जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाता है और प्रशासन की सतर्कता की कमी को उजागर करता है।