सुकमा मुठभेड़ में पांच लाख का इनामी नक्सली ढेर, सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता

सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पांच लाख रुपये का इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश मारा गया है। पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के जंगल और पहाड़ी इलाकों में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर डीआरजी की टीम ने तलाशी अभियान शुरू किया था। रविवार सुबह जवानों और नक्सलियों के बीच हुई इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने प्लाटून नंबर 31 के सेक्शन कमांडर मूचाकी कैलाश को मार गिराया।

मारे गए नक्सली की पहचान चिंतलनार थाना क्षेत्र के पूलनपाड़ निवासी मूचाकी कैलाश के रूप में हुई है। वह नक्सली संगठन में सक्रिय सदस्य था और उस पर सुरक्षा बलों पर हमले, ग्रामीणों की हत्या तथा आईईडी ब्लास्ट जैसी गंभीर घटनाओं में शामिल होने के आरोप थे। सुरक्षा एजेंसियां लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थीं। मुठभेड़ के पश्चात घटना स्थल की तलाशी के दौरान नक्सली के शव के साथ हथियार और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

बस्तर रेंज के महानिरीक्षक सुन्दरराज पट्टलिंगम ने इस अभियान की पुष्टि करते हुए कहा कि माओवादी कैडरों के लिए आत्मसमर्पण और पुनर्वास नीति का लाभ उठाने का यह अंतिम समय है। उन्होंने नक्सलियों से अपील की है कि वे हिंसा का मार्ग त्यागकर समाज की मुख्यधारा में लौटें और शांतिपूर्ण जीवन की शुरुआत करें। शासन द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर आत्मसमर्पण न करने वाले तत्वों के विरुद्ध अभियान और तेज किया जाएगा।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *