रायपुर। 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 60वां अखिल भारतीय DGP-IG सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल की मौजूदगी रहेगी। आयोजन को लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं और स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) की टीम ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
कॉन्फ्रेंस के दौरान नया रायपुर सील रहेगा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। मंगलवार को सिविल लाइन स्थित डायल 112 कंट्रोल रूम में अधिकारियों ने फाइनल बैठक की। सुरक्षा टीम आज सड़कों पर रिहर्सल करेगी।
तीन दिवसीय सम्मेलन में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें विशेष रूप से साइबर सुरक्षा, आतंकवाद विरोधी प्रयास, ड्रग्स नियंत्रण और सीमा प्रबंधन पर जोर रहेगा। पहले दिन दो सत्र, दूसरे दिन चार सत्र और तीसरे दिन दो सत्र आयोजित किए जाएंगे। देशभर के डीजीपी और आईजी अपने-अपने राज्यों में अपराध नियंत्रण के प्रयासों पर प्रजेंटेशन देंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य सभी राज्यों के लिए कॉमन गाइडलाइन तैयार करना और एक मॉडल स्टेट चुनकर सर्वोत्तम अभ्यास को साझा करना है। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उपस्थित रहेंगे, जबकि समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। इसके अलावा, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बंगला अस्थाई पीएमओ के रूप में कार्य करेगा।
पिछले साल 2024 में DGP-IG सम्मेलन ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित हुआ था, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी ने हिस्सा लिया था। इस साल का सम्मेलन भी सुरक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े अहम निर्णयों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
छत्तीसगढ़ पुलिस और प्रशासन ने तीन दिनों तक होने वाले इस उच्च स्तरीय कार्यक्रम के लिए शहर में विशेष सुरक्षा और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभाली है।