रायपुर। नवा रायपुर के सीबीडी स्टेशन के सामने बीती रात हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान नागपुर निवासी अक्षय धकाते के रूप में हुई है, जो नवा रायपुर के सेक्टर 30 में रहकर यूनियन बैंक में कार्यरत था।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 11 मार्च की रात करीब 12 बजे की है। अक्षय अपनी बाइक से घर की ओर जा रहा था, तभी सीबीडी स्टेशन के पास उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया। वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के करीब 40 मिनट बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवक को तुरंत राखी स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मंदिर हसौद थाना प्रभारी आशीष यादव ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।