बीजापुर। आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान, नवा रायपुर (छत्तीसगढ़ शासन) द्वारा 13 एवं 14 मार्च 2026 को आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “आदि परब” में बीजापुर जिले के भानुप्रताप चिड़ियम एवं उनकी पत्नी साधना चिड़ियम ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देकर जिले का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि से परधान जनजाति सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों की 43 जनजातियों एवं सीमावर्ती राज्यों के आदिवासियों ने अपनी समृद्ध कला, संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा का प्रदर्शन किया। “आदि परिधान/अटायर शो” के दौरान भानुप्रताप और साधना चिड़ियम की जोड़ी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। दोनों ने अपनी परधान जनजाति की पारंपरिक वेशभूषा, आभूषण, वाद्ययंत्र, गीत-संगीत और नृत्य के माध्यम से शानदार प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
उनकी मनमोहक प्रस्तुति के कारण उन्हें “सुपर पावर कपल” के रूप में भी सराहना मिली। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दोनों का नाम गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया तथा उन्हें “आदि परब” मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने संदेश दिया कि आधुनिकता के दौर में भी अपनी मूल संस्कृति, परंपरा और वेशभूषा को सहेजकर रखना बेहद आवश्यक है, क्योंकि यही हमारी पहचान है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, जनजाति आयोग के अध्यक्ष रुपसिंह मण्डावी, आदिम जाति अनुसंधान संस्थान की संचालक हिना अनिमेष नेताम (IAS), प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा (IAS) सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
आदि परब 2026 में बीजापुर के भानुप्रताप और साधना चिड़ियम का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

17
Mar