खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में नेता चुने गए
चंडीगढ़। कुरुक्षेत्र से भाजपा सांसद नायब सिंह सैनी हरियाणा के नए सीएम होंगे। मंगलवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के इस्तीफे के बाद विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया।
इसके बाद 54 साल के नायब सिंह सैनी ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। शाम 5 बजे वे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। सैनी ने विधायक दल का नेता चुने जाने पर पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार व्यक्त किया।
सैनी मनोहर लाल के करीबी हैं। 27 अक्टूबर 2023 को ही उन्हें हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष बनाया गया था।
इससे पहले मनोहर लाल ने बीजेपी और जननायक जनता पार्टी का गठबंधन टूटने के बाद मंगलवार सुबह 11.50 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। इसके बाद विधायक दल की बैठक बुलाई गई।
जेजेपी ने भी दिल्ली में अपने विधायकों की बैठक बुलाई। जिसमें पार्टी के 10 में से 5 विधायक इस बैठक में नहीं पहुंचे। बताया जा रहा है कि ये सभी बीजेपी के संपर्क में हैं। जजपा कल हिसार में रैली कर अगली रणनीति का ऐलान करेगी।