अनूपपुर में मवेशियों में फैली रहस्यमयी बीमारी, दो दिनों में 12 की मौत से ग्रामीणों में दहशत

अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतमा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत दूल्ही बांध के मुसवा झोरखी गांव में मवेशियों में फैली एक अज्ञात बीमारी ने कोहराम मचा रखा है। पिछले दो दिनों के भीतर करीब 10 से 12 मवेशियों की मौत हो चुकी है। अचानक हुई इन मौतों से पशुपालकों में दहशत का माहौल है और एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने अपने मवेशियों को बांधकर रखना शुरू कर दिया है।

स्थानीय निवासियों के अनुसार, बीमार मवेशियों में लार गिरना, पेट फूलना और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं। संक्रमण इतना तेज है कि लक्षण उभरने के कुछ ही घंटों के भीतर पशु दम तोड़ रहे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पशु चिकित्सा विभाग की चलित टीम गांव पहुंची है। टीम ने बीमार और स्वस्थ मवेशियों के रक्त के नमूने लिए हैं और टीकाकरण का कार्य शुरू कर दिया है। बिजुरी के पशु चिकित्सक डॉ. गुप्ता ने बताया कि शुरुआती तौर पर यह मामला फूड प्वाइजनिंग का लग रहा है, लेकिन मौत की सटीक वजह पोस्टमार्टम और लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

ग्रामीणों ने इस मामले में विभागीय लापरवाही का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीमारी की शुरुआत में ही निगवानी के पशु चिकित्सक को सूचित कर टीकाकरण की मांग की गई थी, लेकिन ब्लॉक स्तर के अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। समय पर उपचार न मिलने के कारण मवेशियों की संख्या बढ़ती गई। जिला कलेक्टर को मामले की जानकारी दिए जाने के बाद विभाग सक्रिय हुआ है। फिलहाल पशु चिकित्सक स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और जांच जारी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *