झारखंड से शूटर बुलाए, 60 साल के फूफा से था अफेयर
औरंगाबाद
इंदौर की सोनम ने जैसे अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या करवाई वैसा ही मामला बिहार के औरंगाबाद से सामने आया है। जहां 60 साल के फूफा के प्यार में 27 साल की भतीजी ने अपने पति की हत्या करवा दी। 24 जून को 27 साल के प्रियांशु उर्फ छोटू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। 21 मई को प्रियांशु और गुंजा की शादी हुई थी। शादी के मंडप में ही लड़की ने पति के मर्डर की प्लानिंग की। शादी के करीब 1 महीने बाद ही पत्नी ने शूटर हायर कर के पति का मर्डर करवा दिया।
2 जुलाई को पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया है। फूफा जीवन सिंह फरार है। दोनों ने हत्या के लिए झारखंड से 2 शूटर हायर किए। पुलिस ने दोनों शूटर्स जयशंकर चौबे और मुकेश शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है। पढ़िए फूफा और भतीजी के प्यार में पति के मर्डर की पूरी कहानी…
गुंजा ने पुलिस को बताया, ‘मैं बचपन से ही अपने फूफा के घर रहती थी। वहीं पढ़ती थी। इसी दौरान मैं उनके करीब आ गई। हम दोनों एक दूसरे से प्यार करने लगे। मुझे पता था कि वो उम्र में मुझसे डबल हैं, लेकिन प्यार तो प्यार है। उम्र नहीं देखता।’
‘बुआ को कभी हमारे रिश्ते को लेकर शक नहीं हुआ। हम घर में ही मिला करते थे। अप्रैल में बुआ ने हमें एक साथ देख लिया। बात घर में फैल गई। पिता ने लड़के देखना शुरू कर दिए।
एक महीने के अंदर ही मेरी शादी तय हो गई। 21 मई को बिना मेरी मर्जी के मेरी शादी प्रियांशु से हुई। मैं इस रिश्ते से खुश नहीं थी। फूफा से मैंने कई बार कहा कि चलो भाग चलते हैं, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा। इससे पहले वो मेरी 2 शादियां तुड़वा चुके थे।’
मंडप में बनाया पति के मर्डर का प्लान
‘समाज और पिता की इज्जत के डर से मैंने शादी कर ली, लेकिन वरमाला के दौरान ही मैंने तय कर लिया था कि पति की हत्या करवा देंगे फिर साथ ही रहेंगे।
शादी के बाद मैं उनसे बार-बार बोलती थी। मुझे प्रियांशु के साथ नहीं रहना है। फूफा डाल्टनगंज के बड़े बस कारोबारी हैं। प्रियांशु भी बड़ा जमींदार था। 50 से 60 बीघा जमीन थी।’
शादी के बाद भी मैं उनसे मिला करती थी। कभी अपने मायके में, कभी ससुराल में तो कभी उनके घर में। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था। एक दिन उनके मुंह से निकला कि प्रियांशु को मरवा देते हैं।
मैंने भी हां कर दिया, लेकिन ये कैसे होगा ये नहीं पता था। इसके बाद उन्होंने अपने दोस्त से बात कर के झारखंड के 2 शूटर्स को हायर किया।’
शूटर्स को पति की लोकेशन बताती रही…
‘प्रियांशु कुमार सिंह 24 जून की रात वाराणसी के चंदौली में अपने रिश्तेदार के घर से ट्रेन से लौट रहा था। गांव से दो लोग बाइक लेकर उसे लेने गए थे। वो कॉल कर के मुझे अपनी लोकेशन बता रहा था। मैं शूटर्स को लोकेशन दे रही थी।
बीनगर रोड रेलवे स्टेशन पहुंचने के पहले प्रियांशु ने मुझे फोन कर सूचना दी थी। गांव के 2 लड़के उसे स्टेशन लेने गए थे। नवीनगर थाना क्षेत्र के लेंबोखाप गांव के पास शूटर्स ने उसकी गाड़ी रुकवाई और 4 गोलियां मारीं। गोली मारने के बाद शूटर्स ने बताया कि काम हो गया है, लेकिन वो मरा नहीं है। हम घबरा गए थे। प्रियांशु की बाइक पर साथ बैठे गांव के 2 लड़के उसे अस्पताल लेकर आए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।’
SIT कर रही थी हत्या की जांच
इस हत्याकांड के बाद SP अंबरीश राहुल के निर्देश पर SIT टीम बनाई गई। SIT ने CCTV फुटेज की जांच की। आसपास के लोगों से बातचीत की। प्रियांशु को बाइक से लेने गए गांव के दो लड़कों को उठाया गया। घंटों उनसे पूछताछ चली, लेकिन दोनों से पूछताछ में कुछ नहीं निकला। इसके बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। इस केस में पुलिस को कोई सबूत नहीं मिल पा रहे थे।
ऐसे हुआ पूरे मामले का खुलासा
गांव के दोनों लड़कों को छोड़ने के बाद पुलिस ने प्रियांशु के मोबाइल की जांच की। फोन में हत्या से पहले गुंजा से बातचीत का पता चला। प्रियांशु की कॉल डिटेल निकलवाई गई। पता चला कि वो लगातार गुंजा के संपर्क में था।
पुलिस ने गुंजा की कॉल डिटेल निकलवाई उसमें एक नंबर मिला जिस पर 50 से ज्यादा बार बात हुई थी। पुलिस ने गुंजा से फोन मांगा तो आनाकानी करने लगी। शक गहरा हुआ और पत्नी को हिरासत में लिया गया।
SP अंबरीश राहुल ने बताया कि गिरफ्तार गुंजा सिंह ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसका अपने फूफा के साथ 15 सालों से अफेयर चल रहा था। इससे वह इस शादी से खुश नहीं थी।
महिला ने अपने फूफा के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची। प्रियांशु वाराणसी से लौट रहा था। इसकी सूचना गुंजा ने फूफा को दी। फिर शूटर से बातचीत कर घटना को अंजाम दिलवाया गया। शूटर जयशंकर चौबे और मुकेश शर्मा को फूफा ने मोबाइल का सिम कार्ड उपलब्घ करवाया था।