राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित अशोका हॉस्पिटल पर नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ₹50,000 का जुर्माना लगाया है। अस्पताल पर मेडिकल वेस्ट को खुले में फेंकने और पाइपलाइन से दूषित जल रिसाव का गंभीर आरोप पाया गया है। यह कार्रवाई जनशिकायतों के आधार पर किए गए निरीक्षण के बाद की गई।

शिकायत सही पाई गई, जल रिसाव और वेस्ट मैनेजमेंट में लापरवाही उजागर
नगर निगम की स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रीति पाणिग्रही ने जानकारी देते हुए बताया कि आयुक्त के निर्देश और जनशिकायत के बाद अशोका हॉस्पिटल परिसर का निरीक्षण किया गया। जांच में पाया गया कि अस्पताल के सामने वेस्ट पाइपलाइन टूटी हुई है, जिससे संक्रमित और दूषित जल का रिसाव हो रहा था।
इसके अलावा मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण में भी लापरवाही बरती जा रही थी, जो सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता था।
संक्रमण फैलने का खतरा, चेतावनी के साथ जुर्माना
स्वास्थ्य अधिकारी के अनुसार, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन पर ₹50,000 का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो अस्पताल को सील करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।

स्वास्थ्य सुरक्षा पर नगर निगम की सख्ती
नगर निगम का यह कदम अस्पतालों और नर्सिंग होम्स के लिए एक कड़ा संदेश है कि स्वास्थ्य मानकों और जैविक कचरा निस्तारण नियमों का पालन अनिवार्य है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी, और भविष्य में भी इसी तरह की सतर्क निगरानी और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।