पुलिस का दावा- चोरी के इरादे से घर में घुसा था
5 दिन की पुलिस कस्टडी दी
मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के घर में घुसकर हमला करने के मामले में मुंबई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस ने रविवार सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि आरोपी को शनिवार रात 2 बजे ठाणे के एक लेबर कैंप से गिरफ्तार किया गया।
मुंबई पुलिस के डीसीपी गेदाम दीक्षित ने बताया कि बताया कि आरोपी चोरी करने के इरादे से एक्टर के घर में घुसा था। उसके पास भारत का कोई वैध दस्तावेज नहीं है। उसके पास जो चीजें मिली हैं, उनके आधार पर बांग्लादेशी होने का शक है। मुंबई पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 5 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया।
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने यह तो कहा कि आरोपी सैफ अली खान के घर में घुसा था, लेकिन पुलिस ने इसका स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि इसी आरोपी ने सैफ पर हमला किया था या नहीं। जब मीडिया ने पूछा कि वारदात के समय वह अकेला था या कुछ और लोग भी साथ थे, तो पुलिस ने कहा- जांच चल रही है। इससे पहले पुलिस ने शनिवार को एक संदिग्ध को छत्तीसगढ़ के दुर्ग से हिरासत में लिया था, लेकिन वह इस मामले में शामिल नहीं निकला, जिसके बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस अब तक करीब 50 लोगों से पूछताछ कर चुकी है।